DMT : नयी दिल्ली/चंडीगढ़ : (17 जनवरी 2024) : –
सर्दी के इस शुष्क मौसम में कोहरे का कहर जारी है। साथ ही हरियाणा, पंजाब समेत उत्तर भारत में तीव्र शीतलहर की स्थिति बनी हुई है। पंजाब के शहीद भगत सिंह नगर (नवां शहर) के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। उधर, हरियाणा के हिसार में यह 1.1 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 5.5 डिग्री कम है। दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 2.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.7 डिग्री कम है।
इस बीच, मौसम विभाग ने घने कोहरे के कारण कई स्थानों पर दृश्यता का स्तर शून्य मीटर तक पहुंच जाने के बीच लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और वाहन चलाते समय सावधानी बरतने की सलाह दी है। अगले तीन दिन तक उत्तर भारत में घने कोहरे और गंभीर शीत लहर की स्थिति जारी रहने की आशंका है।
मौसम विभाग के मुताबिक अंबाला और करनाल में न्यूनतम तापमान 4.4 और 3.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि नारनौल, भिवानी और सिरसा में न्यूनतम तापमान क्रमश: तीन, 3.9 और 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार रात इस मौसम का सबसे कम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर में भी ज्यादातर इलाके भयानक ठंड की चपेट में हैं। इस बीच, रेलवे के एक प्रवक्ता ने बताया कि घने कोहरे के कारण 30 ट्रेन देरी से चल रही हैं। बताया गया कि नयी दिल्ली-कालका शताब्दी एक्सप्रेस रद्द रही। अमृतसर एक्सप्रेस 13, आम्रपाली एक्सप्रेस 12, बठिंडा एक्सप्रेस 5 घंटे, सुपर एक्सप्रेस 3 घंटे तक की देरी से चली। अन्य गाड़ियां भी काफी लेट चल रही हैं। इससे यात्रियों को बहुत परेशानी हो रही है। कोहरे के कारण हवाई यातायात भी प्रभावित रहा और 100 से अधिक उड़ानों में देरी हुई।
सोनीपत में ठिठुरे बच्चे
सोनीपत (हप्र) : सोनीपत में मंगलवार को इस सीजन का सबसे कम न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कड़ाके की ठंड में कक्षा छठी से 12वीं तक के विद्यार्थी ठिठुरते हुए स्कूल गये।
चरखी दादरी में रेंगे वाहन
चरखी दादरी (हप्र) : चरखी दादरी में घने कोहरे के कारण मंगलवार को वाहन रेंगते हुए दिखे। कृषि विशेषज्ञ डा. चंद्रभान श्योराण का कहना है कि कोहरे के कारण गेहूं की फसल को फायदा होगा हालांकि सरसों की फसल को नुकसान पहुंच सकता है।
कनीना में अलाव का सहारा
कनीना (निस) : कनीना का न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ठंड के चलते लोग अलावा जला रहे हंै। हालांिक यह मौसम फसल के लिए वरदान साबित हो रहा है। इन िदनों सरसों एवं गेहूं की फसल पूरी रौनक पर है।