DMT : चंडीगढ़ : (23 मार्च 2023) : – पंजाब पुलिस ने उस व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर कट्टरपंथी अलगाववादी अमृतपाल सिंह की निजी सुरक्षा घेरे का हिस्सा था। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पायल के पुलिस उपाधीक्षक हरसिमरत सिंह ने बताया कि लुधियाना जिले में खन्ना क्षेत्र के मंगेवाल गांव का रहने वाला तेजिंदर सिंह गिल शनिवार को अमृतपाल की अगुवाई वाले संगठन ‘वारिस पंजाब दे’ के खिलाफ पुलिस कार्रवाई शुरू होने के बाद से फरार था। उन्होंने बताया कि गिल गैर-लाइसेंसी हथियारों के साथ सोशल मीडिया पर तस्वीरें और वीडियो साझा करता था। सिंह ने कहा कि गिल के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 188 (लोक सेवक के आदेश की अवज्ञा) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। अधिकारियों ने कहा कि जांच से पता चला है कि अजनाला प्रकरण में गिल भी शामिल था और अजनाला पुलिस उसके खिलाफ अलग से कार्रवाई करेगी।