DMT : चंडीगढ़ : (24 जनवरी 2023) : – चंडीगढ़ कोर्ट कांप्लेक्स, सेक्टर-43 में बम की सूचना मिलने से अफरातफरी मच गयी। सूचना के बाद पुलिस ने परिसर के बाहर मोर्चा संभाला। जानकारी के अनुसार यूटी पुलिस को एक लेटर मिला, जिसमें चंडीगढ़ जिला कोर्ट में बम होने की बात कही गई थी। लेटर में लिखा था कि एक गाड़ी में बम है, जोकि एक बजे फट जाएगा। इसके बाद पुलिस हरकत में आई। कोर्ट में बम होने की सूचना मिलने पर हड़कंप मच गया। चंडीगढ़ पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘हमें नियंत्रण कक्ष से सूचना मिली कि (अदालत परिसर के अंदर) बम हो सकता है। इसके बाद व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया गया है।’जानकारी के मुताबिक एक संदिग्ध टिफिन पुलिस को मिला है। इसकी सर्च की जा रही है। पूरे कोर्ट कांप्लेक्स को खाली कर सील कर दिया गया सभी वकीलों को बाहर रहने को कहा गया। ऑपरेशन सेल के कमांडो, डॉग स्क्वायड, बम डिस्पोजल टीम और रिजर्व फोर्स कोर्ट पहुंची है। सर्च ऑपरेशन चलाकर बम को ढूंढा जा रहा है। सेक्टर-43 में जिस जगह पुलिस का सर्च ऑपरेशन चल रहा है, उससे थोड़ी दूरी पर ही चंडीगढ़ का बस स्टैंड भी है। वहां भी पुलिस तलाशी अभियान चला रही है। सूचना के बाद हाईकोर्ट और पंचकूला कोर्ट में भी हाईअलर्ट कर दिया गया है। चंडीगढ़ जिला अदालत बार एसोसिएशन के प्रधान शंकर गुप्ता ने कहा कि उन्हें दोपहर करीब 12 बजे पुलिस की कॉल आई थी। इसमें जिला अदालत परिसर में बम होने की सूचना दी गई और कोर्ट को खाली करवाने को कहा गया। शंकर गुप्ता के मुताबिक पंचकूला कोर्ट और हाईकोर्ट में भी इस प्रकार की बम की धमकी की सूचना आई थी।
