DMT : नयी दिल्ली/चंडीगढ़ : (08 जनवरी 2024) : –
हरियाणा, पंजाब समेत उत्तर भारत के कई इलाकों में कोहरे का कहर जारी है। सुबह से शाम कब हुई लोगों को इसका अंदाजा ही नहीं लग पा रहा है। अनेक इलाकों में धूप के दर्शन ही नहीं हो पाए। रविवार को भी ज्यादातर इलाकों में दिनभर धुंध छाई रही।
उधर, सोमवार और मंगलवार को मौसम में तब्दीली की संभावना जताई गयी है। मैदानी इलाकों में बारिश और पहाड़ों पर बर्फबारी की संभावना जताई गयी है। बताया जा रहा है कि बारिश के बाद मौसम खुलने लगेगा।
इस बीच, कोहरे के कारण हवाई और रेल यातायात पर भी असर पड़ा, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी हुई। राष्ट्रीय राजधानी और विभिन्न राज्यों में मौसम संबंधी परिस्थितियों के कारण रविवार को दिल्ली आने वाली 22 ट्रेन देरी से चलीं।
इस दौरान न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक नौ जनवरी को बादल छाए रहने एवं हल्की बारिश होने के आसार हैं। रेलवे के अनुसार, दिल्ली और विभिन्न राज्यों में मौसम संबंधी परिस्थितियों के कारण दिल्ली आने वाली 22 ट्रेन एक से छह घंटे की देरी से चलीं।
पारामीटर
शहर तापमान
अमृतसर 5.8
पटियाला 7.0
चंडीगढ़ 7.6
भिवानी 6.7
अम्बाला 7.5
नारनौल 7.9
हिसार 8.1
करनाल 8.4
(डिग्री सेल्सियस)
जम्मू में शीत लहर, नड्डा का दौरा रद्द
जम्मू में इस मौसम की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई और न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री नीचे गिरकर 3.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित बनिहाल शहर जम्मू क्षेत्र में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां तापमान शून्य से नीचे 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक अधिकारी ने बताया कि वैष्णो देवी मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए आधार शिविर माने जाने वाले कटरा शहर में रात का तापमान छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस बीच, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा का रविवार को जम्मू का निर्धारित दौरा खराब मौसम के कारण रद्द कर दिया गया।