इक्वाडोर, पेरू में भूकंप से 15 की मौत

Hindi International

DMT : क्विटो (इक्वाडोर) : (20 मार्च 2023) : – दक्षिणी इक्वाडोर और उत्तरी पेरू में शनिवार को आए शक्तिशाली भूकंप के कारण कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई। भूकंप के कारण कई लोग मलबे में दब गए हैं, जिन्हें बचाने के लिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया है। ‘यूएस जियोलॉजिकल सर्वे’ ने बताया कि भूकंप की तीव्रता 6.8 मापी गई। भूकंप का केंद्र इक्वाडोर के दूसरे सबसे बड़े शहर गुआयाक्विल से लगभग 50 मील (80 किलोमीटर) दक्षिण में था। प्राधिकारियों ने बताया कि भूकंप के कारण पेरू में एक और इक्वाडोर में 14 लोगों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि 126 अन्य लोग घायल हुए हैं।

इक्वाडोर के राष्ट्रपति गुलेरमो लासो के कार्यालय ने एक बयान में बताया कि भूकंप के कारण जान गंवाने वाले लोगों में से 12 की तटीय राज्य एल ओरो में और 2 की पर्वतीय राज्य अजुए में मौत हुई। पेरू में, इक्वाडोर के साथ लगती उसकी उत्तरी सीमा से मध्य प्रशांत तट तक भूकंप महसूस किया गया। यहां 4 वर्षीय एक बच्ची की मौत होने की सूचना है।

इक्वाडोर में दमकलकर्मी लोगों को बचाने के अभियान में जुटे हैं जबकि राष्ट्रीय पुलिस नुकसान का आकलन कर रही है। देश में कई स्वास्थ्य केंद्रों और स्कूल की इमारतों को भी नुकसान पहुंचा है। इक्वाडोर भूकंप संभावित क्षेत्र में स्थित है। इक्वाडोर के प्रशांत तट के उत्तर में आये भूकंप से वर्ष 2016 में 600 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *