चीन सीमा पर हिमस्खलन, 7 पर्यटकों की मौत

Hindi International

DMT : गंगटोक : (05 अप्रैल 2023) : –

Ads by

ADVERTISEMENT

सिक्किम के नाथुला इलाके में मंगलवार को हुए भीषण हिमस्खलन में सात पर्यटकों की मौत हो गई और उनके वाहन बर्फ के नीचे दफन हो गये। थलसेना ने एक बयान में कहा कि हिमस्खलन से जवाहरलाल नेहरू मार्ग प्रभावित हुआ, जो गंगटोक को चीनी सीमा पर स्थित नाथुला से जोड़ता है। पूर्वाह्न करीब साढ़े 11 बजे हुए हिमस्खलन में करीब 30 लोगों के साथ पांच-छह वाहन बर्फ के नीचे फंस गये।

राज्य सरकार के एक अधिकारी ने सेना से प्राप्त रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि शाम चार बजे तक सात शवों को बर्फ से निकाला जा चुका था और 23 लोगों को जीवित निकाल लिया गया। उन्होंने बताया कि मृतकों में एक महिला और एक बच्चा भी शामिल है। सेना, राज्य आपदा प्रबंधन दलों तथा पुलिस बल का तलाशी अभियान चल रहा है। घायलों को यहां से 55 किमी दूर स्थित राज्य की राजधानी गंगटोक स्थित विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया, ‘सिक्किम में हुए दुखद हिमस्खलन में जान गंवाने वाले लोगों के परिवार के प्रति मेरी संवेदना है। हम स्थिति की करीब से निगरानी कर रहे हैं और एनडीआरएफ के दल शीघ्र ही प्रभावित इलाकों में पहुंचेंगे। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’ नाथुला भारत और चीन के बीच खुली तीन व्यापार सीमा चौकियों में एक है। यह देश में हिमालय के सर्वाधिक महत्वपूर्ण दर्रों में एक है। नाथुला दर्रा अपनी मनोरम सुंदरता के कारण पर्यटकों का एक प्रमुख आकर्षण केंद्र है।

चेतावनी के बावजूद गए खतरनाक इलाके में

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि खराब मौसम के चलते पर्यटकों को जवाहरलाल नेहरू मार्ग पर 13वें शिला स्तंभ से आगे बढ़ने की अनुमति नहीं थी, लेकिन उन्होंने ‘टूर ऑपरेटर’ को उस इलाके में ले जाने के लिए मजबूर किया, जहां यह घटना हुई। थलसेना ने कहा है कि बीआरओ ने मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया है, क्योंकि उस पर से बर्फ हटायी जा चुकी है। अधिकारियों ने बताया कि करीब 350 लोग और 80 वाहन मार्ग पर फंस गये थे, क्योंकि नाथुला से आने वाले मार्ग को बर्फ ने अवरुद्ध कर दिया था। इन लोगों और वाहनों को भी वापस ले आया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *