बादल को श्रद्धांजलि, दलगत राजनीति से इतर उमड़े नेता

Chandigarh Hindi

DMT : चंडीगढ़ : (27 अप्रैल 2023) : – शिरोमणि अकाली दल के संरक्षक प्रकाश सिंह बादल के पार्थिव शरीर को बुधवार को यहां पार्टी कार्यालय लाया गया। बड़ी संख्या में लोग और राजनीतिक नेता पंजाब के कद्दावर नेता और पांच बार के मुख्यमंत्री रहे बादल को श्रद्धांजलि देने पहुंचे। जनता की भारी मौजूदगी के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, पटियाला से सांसद परनीत कौर सहित कई नेताओं ने प्रकाश सिंह बादल को अंतिम श्रद्धांजलि दी।

शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के वरिष्ठ नेता को सांस लेने में तकलीफ होने की शिकायत करने के बाद 16 अप्रैल को मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्होंने 95 वर्ष की आयु में मंगलवार रात अंतिम सांस ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार दोपहर चंडीगढ़ पहुंचे और बादल को अंतिम श्रद्धांजलि दी। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला अपने प्रिय मित्र एवं अकाली दल के मुखिया को श्रद्धांजलि देते हुए अपने आंसू रोक नहीं पाए। चौटाला और बादल हरियाणा और पंजाब के दो शक्तिशाली राजनीतिक परिवार हैं। दोनों परिवारों के बीच काफी पुराने और घनिष्ठ संबंध हैं। बादल पूर्व उप प्रधानमंत्री चौधरी देवी लाल के करीबी दोस्त थे, जिन्हें ‘ताऊ’ देवी लाल के नाम से जाना जाता था। बादल के दामाद आदेश प्रताप सिंह कैरों, पोते अनंतवीर सिंह बादल, बिक्रम सिंह मजीठिया, शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रमुख हरजिंदर सिंह धामी और बसपा के नेता जसवीर सिंह गढ़ी भी बादल को अंतिम विदाई देने पहुंचे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, कई केंद्रीय मंत्रियों, पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा, शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस, इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला, गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी और पंजाब की पूर्व मुख्यमंत्री राजिंदर कौर भट्टल, शिअद नेता बिक्रम सिंह मजीठिया, प्रेम सिंह चंदूमाजरा, बलविंदर सिंह भुंडर सहित कई नेताओं ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी। प्रकाश सिंह बादल का जन्म आठ दिसंबर 1927 को पंजाब के बठिंडा के अबुल खुराना गांव में हुआ था। बादल ने लाहौर के फॉरमैन क्रिश्चियन कॉलेज से स्नातक किया। बठिंडा जिले के बादल गांव के सरपंच बनने के साथ ही उन्होंने राजनीतिक करियर की शुरुआत की।

पैतृक गांव में अंतिम संस्कार आज

पार्टी कार्यालय में अनेक लोगों द्वारा अंतिम दर्शन करने के बाद बुधवार दोपहर बाद बादल के पार्थिव शरीर को मुक्तसर में उनके पैतृक गांव ले जाया गया जहां बृहस्पतिवार दोपहर को उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

पंजाब में आज सरकारी छुट्टी एक आधिकारिक आदेश के अनुसार, पंजाब के सभी सरकारी कार्यालय, विभाग, बोर्ड, निगम और शैक्षणिक संस्थान बृहस्पतिवार को बंद रहेंगे। केंद्र सरकार पहले ही पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री के सम्मान में 26 और 27 अप्रैल को पूरे भारत में दो दिन के राजकीय शोक की घोषणा कर चुकी है। उधर, पंजाब विश्वविद्यालय ने भी बृहस्पतिवार को कैंपस और पीयू के सभी रीजनल सेंटरों में अवकाश की घोषणा की है। चंडीगढ़ प्रशासन ने भी 27 अप्रैल को छुट्टी का ऐलान किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *