हिमाचल में फिर लौटी बर्फबारी और बारिश

Himachal pradesh Hindi

DMT : शिमला : (01 मार्च 2023) : – हिमालय क्षेत्र में सक्रिय हुए ताज़ा पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हिमाचल में बर्फबारी और वर्षा फिर लौट आई है। आज राज्य के जनजातीय तथा अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जहां बर्फबारी हो रही है वहीं राज्य के मैदानी व मध्यम ऊंचाई वाले अनेक क्षेत्रों में आज दोपहर बाद से वर्षा हो रही है। इससे तापमान में जोरदार गिरावट आई है और प्रदेश के ज्यादातर इलाके एक बार फिर शीतलहर की चपेट में हैं। जानकारी के अनुसार लाहौल-स्पीति की ऊंची चोटियों पर दोपहर से ही हल्का हिमपात हो रहा है। इससे पूरा ज़िला कड़ाके की ठंड की चपेट में है। किन्नौर, कुल्लू, कांगड़ा, चम्बा और शिमला ज़िला की ऊंची चोटियों पर भी आज दोपहर बाद से ही रुक-रुक कर हल्का हिमपात हो रहा है।

राजधानी शिमला में दोपहर से रुक-रुक कर हल्की वर्षा हो रही है। इससे शिमला में एकबार फिर ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। राज्य के निचले इलाकों सोलन, सिरमौर, बिलासपुर, मंडी और कुल्लू के कई स्थानों पर आज दोपहर बाद तेज हवाओं और अंधड़ के साथ हल्की वर्षा हुई। इन इलाकों में पिछले कुछ दिनों से तापमान में जोरदार उछाल के चलते लोगों को अभी से हो गर्मी का अहसास हो रहा है। इस बीच मौसम विभाग ने आज और कल राज्य में अधिकांश स्थानों पर वर्षा और अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर हिम्पटकी संभावना जताई है।

विभाग ने आज से तीन दिनों के लिए अंधड़ चलने, ओलावृष्टि और आसमानी बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने आज रात से पहली मार्च की रात तक राज्य के कुछ स्थानों पर भारी वर्षा, हिमपात ओलावृष्टि, और बिजली गिरने का भी येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार राज्य में 6 मार्च तक मौसम के मिजाज बिगड़े रहेंगे। केलांग आज राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान -3.6 डिग्री दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *