लीबिया में भीषण बाढ़ में मृतकों की संख्या 5100 हुई

Hindi International

DMT : डर्ना  : (15 सितंबर 2023) : – लीबिया में भीषण बाढ़ में मृतकों की संख्या 5100 हो गई है। बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित डर्ना शहर में अब तक 3000 से अधिक शव दफनाए जा चुके हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। भूमध्यसागरीय तूफान डेनियल के कारण देश के पूर्वी हिस्से के शहरों में भीषण बाढ़ आई, लेकिन सबसे अधिक प्रभावित डर्ना हुआ। रविवार रात तूफान तट पर पहुंचा। डर्ना के निवासियों ने कहा कि जब शहर के बाहर बांध ध्वस्त हो गए तो उन्होंने जोरदार धमाकों की आवाज सुनी। बाढ़ के पानी के वाडी डर्ना नामक घाटी में पहुंचने से इमारतें ढह गईं और लोग समुद्र में बह गए। पूर्वी लीबिया में एक एम्बुलेंस केंद्र के प्रवक्ता ओसामा अली ने कहा कि मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है क्योंकि 9,000 लोग अब भी लापता हैं। संयुक्त राष्ट्र के अंतर्राष्ट्रीय प्रवासन संगठन के अनुसार बाढ़ से डर्ना में 30,000 लोग विस्थापित हुए हैं और कई हजार लोगों को अन्य शहरों में अपने घर छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *