उत्तर भारत घने कोहरे की चपेट में, 22 ट्रेनें लेट

Chandigarh Hindi New Delhi

DMT : नयी दिल्ली/चंडीगढ़ : (30 दिसंबर 2023) : –

समूचा उत्तर भारत कोहरे की चपेट में है। इसके कारण जहां सड़क और हवाई यातायात तो प्रभावित है ही, 22 रेलगाड़ियां भी देरी से चल रहीं हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 31 दिसंबर तक हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और दिल्ली-एनसीआर में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है।

कोहरे के कारण दृश्यता 20 से तीस मीटर तक रह गयी है। ऐसे में वाहन चालकों को सतर्क रहने एवं फॉग लाइट लगाकर चलने की सलाह दी गयी है। आईएमडी ने एक बुलेटिन में कहा, ‘उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों तथा हरियाणा और दिल्ली, दक्षिण पश्चिम राजस्थान तथा उत्तरी मध्य प्रदेश के दूर दराज के इलाकों में घने से बेहद घना कोहरा (0-25 मीटर) छाया रहा।’ इसमें कहा गया, ‘पटियाला, अंबाला, चंडीगढ़, हरियाणा, दिल्ली, पालम, बरेली, लखनऊ, वाराणसी और ग्वालियर में दृश्यता 30 मीटर से कम रही।’ इस बीच, दिल्ली की वायु गुणवत्ता ‘बेहद खराब’ श्रेणी में रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों में बताया गया कि सुबह नौ बजे दिल्ली का समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 377 रहा जो ‘बेहद खराब’ की श्रेणी में आता है।

बेशक बृहस्पतिवार सुबह से ही अनेक इलाकों में कोहरा छाया रहा, लेकिन इस दौरान न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। पंजाब के लुधियाना में न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक है। अमृतसर का न्यूनतम तापमान 8.9 (सामान्य से छह डिग्री अधिक) दर्ज किया गया। हरियाणा के अंबाला में न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है। उधर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश एवं कश्मीर में बर्फबारी का सामान्य जीवन पर असर पड़ रहा है।

देश-विदेश में कई हादसे

कोहरे के कारण देश-विदेश में कई हादसे हो गए। उत्तर प्रदेश में कोहरे की वजह से हुई सड़क दुर्घटनाओं में चार लोगों की मृत्यु हो गई, जबकि अन्य छह लोग घायल हो गए। मध्य प्रदेश एवं राजस्थान में कई सड़क दुर्घटनाओं की सूचनाएं हैं। उधर, उत्तर पश्चिमी तुर्किए में एक मोटर-वे पर सात वाहनों की एक के बाद एक हुई टक्कर में दस लोगों की मौत हो गई और 57 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि यह दुर्घटना इस्तांबुल से लगभग 150 किलोमीटर दूर साकार्या प्रांत में उत्तरी मरमारा राजमार्ग पर घने कोहरे और कम दृश्यता के कारण हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *