खैहरा की गिरफ्तारी को लेकर गरमायी राजनीति

Hindi Punjabi

DMT : बठिंडा : (30 सितंबर 2023) : –

नशे के मुद्दे पर शुक्रवार को बठिंडा में कांग्रेस के दिग्गज जुटे। धरनास्थल पर पंजाब के कांग्रेस अध्यक्ष अमरेंदर सिंह राजा वड़िंग, नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा, पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी, पूर्व मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा, पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु समेत कांग्रेस नेताओं ने नशे के मुद्दे पर पंजाब सरकार को घेरा। मंच पर पूरी कांग्रेस नजर आई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने सरकार बनने के चार महीने के अंदर पंजाब में नशा खत्म करने का वादा किया था, लेकिन सरकार नशा को खत्म करने असमर्थ नजर आ रही है। इस मौके पर पूरी लीडरशिप ने एक सुर में कहा कि कांग्रेस हाईकमान को संदेश दिया कि लोकसभा चुनाव में किसी भी हालत में आम आदमी पार्टी से समझौता नहीं करना चाहिए।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष वड़िंग ने कहा कि मान सरकार सिर्फ पंजाब को बर्बाद कर रही है। उन्होंने खैहरा की गिरफ्तारी की निंदा की और कहा कि पंजाब में बदले की राजनीति हो रही है, जिसका कांग्रेस विरोध करती है, जबकि मुख्यमंत्री को नशे के खिलाफ अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने मांग की कि विजिलेंस विभाग को कठपुतली न बनाया जाए और विधायकों व विपक्ष के नेताओं के खिलाफ की जा रही कार्रवाई को रोका जाए। विधायक सुखपाल सिंह खैहरा को तुरंत रिहा किया जाए और नशे के मुद्दे पर सख्त कार्रवाई की जाए। इस मौके पर जिला अध्यक्ष राजन गर्ग व जिला अध्यक्ष खुशबाज सिंह जटाना ने जिलेभर से धरना देने आए सभी कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया। इस अवसर पर मास्टर हरिमंदर सिंह, अरुण वधावन, अशोक कुमार, हरदयाल सिंह कंबोज, प्रीतम सिंह कोट भाई, कुशलदीप सिंह, उपाध्यक्ष रुपिंदर बिंद्रा आदि मौजूद थे।

पंजाब बचाना है ताे आप को हराएं : बाजवा

पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने सीएम भगवंत मान को नादरशाही फरमान जारी करने वाला मुख्यमंत्री करार दिया और कहा कि सरकार बदले की राजनीति से चल रही है जो पंजाब के लिए अच्छा नहीं है। पूर्व मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा और पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु ने कहा कि पंजाब में कानून व्यवस्था की स्थिति खराब है, लेकिन सरकार को कोई परवाह नहीं है। पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि शिरोमणि अकाली दल की सरकार के दौरान पंजाब में चिट्टा ने अपने पैर पसारे और आज चिट्टा घर-घर बिक रहा है, जिससे युवा मर रहे हैं, लेकिन मुख्यमंत्री को पंजाब की परवाह नहीं। बाजवा ने पंजाबियों को निमंत्रण दिया कि अगर वे पंजाब को बचाना चाहते हैं तो आने वाले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का साथ दें और 13 सीटों पर झाड़ू को हरायें ताकि और पंजाब बच जाए।

कांग्रेस विधायक सुखपाल खैहरा की गिरफ्तारी के विरोध में पार्टी प्रदेशाध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के नेतृत्व में शुक्रवार को जलालाबाद पुलिस थाने पहुंचे, लेकिन खैहरा को फाजिल्का में सीआईए थाने में रखा गया था। सभी नेता सीआईए थाने पहुंच गए। इस दौरान कांग्रेस नेता एवं विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा भी मौजूद रहे, लेकिन किसी भी कांग्रेस नेता को थाने के अंदर नहीं आने दिया गया। वड़िंग को देखते ही पुलिसकर्मियों ने थाने का गेट बंद कर लिया। वड़िंग पुलिस से लगातार गेट खोलने की अपील करते रहे, लेकिन पुलिस ने गेट खोलने से साफ इनकार कर दिया। जलालाबाद अदालत द्वारा दो दिन की पुलिस रिमांड दिए जाने के बाद खैहरा को फाजिल्का में सीआईए स्टाफ कार्यालय में रखा गया है।

नयी दिल्ली (एजेंसी) : सुखपाल सिंह खैहरा की गिरफ्तारी को लेकर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) के बीच जारी आरोप-प्रत्यारोप के बीच केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता हरदीप सिंह पुरी ने शुक्रवार को तंज कसते हुए कहा कि ‘यह उनकी मोहब्बत की दुकान है’ और यह साफ दिखाता है कि पंजाब और दिल्ली में विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ बिखर रहा है। मैं इसमें हस्तक्षेप नहीं करना चाहता, लेकिन मैं आपको बताना चाहता हूं… यह पंजाब और दिल्ली में बिखर रहा आईएनडीआई गठबंधन है।

नयी दिल्ली (एजेंसी) : विधायक सुखपाल सिंह खैहरा की गिरफ्तारी की शुक्रवार को एक बार फिर निंदा की और कहा कि आशा की जानी चाहिए कि आप में ‘ज्यादा परिपक्व लोग’ प्रतिशोध की राजनीति एवं राज्य पुलिस की निरंकुशता पर चिंता करेंगे तथा कार्रवाई करेंगे। पार्टी प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने यह भी कहा कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ पर किसी भी चीज का असर नहीं होगा। सुप्रिया ने कहा कि मुझे ऐसा लगता है कि विपक्ष के खिलाफ प्रतिशोध की राजनीति होगी तो पूरा विरोध होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *