भजनलाल शर्मा को राजस्थान की कमान

Hindi Rajasthan

DMT : जयपुर : (13 दिसंबर 2023) : –

राज्यों में चुनावी जीत के बाद सत्ता की कमान सौंपने में हमेशा चौंकाने वाले भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने अब राजस्थान के मामले में भी ऐसा ही किया है। मध्य प्रदेश में मोहन यादव और छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय को कमान सौंपने के बाद राजस्थान में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े और पहली बार के विधायक भजनलाल शर्मा को नया मुख्यमंत्री घोषित किया गया है।

भाजपा विधायक दल की मंगलवार शाम यहां हुई बैठक में शर्मा को विधायक दल का नेता चुना गया। पार्टी द्वारा विधायक प्रेमचंद बैरवा व दीया कुमारी को राजस्थान का उपमुख्यमंत्री बनाने की घोषणा की गई। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने विधायक दल के नेता के रूप में शर्मा के नाम का प्रस्ताव रखा जिसे विधायक दल ने स्वीकार कर लिया। बैठक में भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और दो सह-पर्यवेक्षक विनोद तावड़े और सरोज पांडे मौजूद रहे। शर्मा बाद में पार्टी के अन्य नेताओं के साथ राजभवन में राज्यपाल कलराज मिश्र से मिले और सरकार बनाने का दावा पेश किया। राजनाथ सिंह ने बताया कि वासुदेव देवनानी विधानसभा अध्यक्ष होंगे। गौर हो कि राज्य में विधानसभा की 200 में 199 सीटों पर हुए चुनाव में भाजपा को 115 सीटों पर जीत मिली। उल्लेखनीय है कि बीते दो दशक में पहली बार भाजपा की ओर से राजस्थान में कोई नया चेहरा मुख्यमंत्री होगा। इससे पहले वसुंधरा राजे 2003 से 2008 और 2013 से 2018 तक दो बार मुख्यमंत्री पद पर रह चुकी हैं। इस बार भी उन्हें मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शामिल माना जा रहा था। बताया जा रहा है कि शपथ ग्रहण 15 को होगा।

हिमाचल के सिरमौर राजघराने से भी जुड़े हैं दीया कुमारी के संबंध

सोलन (यशपाल कपूर/निस) : राजस्थान में उप मुख्यमंत्री नामांकित दीया कुमारी सिरमौर रियासत के राजवंश के मुखिया लक्ष्यराज की मां व सिरमौर रियासत के अंतिम शासक राजेंद्र प्रकाश की दोहती हैं। दीया के उप मुख्यमंत्री बनने पर सिरमौर में खुशी का माहौल है। करीब 11 साल पहले जयपुर राजघराने की राजमाता पद्मिनी देवी ने दोहते लक्ष्यराज को मंगल तिलक के बाद सिरमौर रियासत का मुखिया (अप्रत्यक्ष तौर पर कहें तो राजा) बनाने का ऐलान किया था। चूंकि उस समय लक्ष्यराज की उम्र 9 साल की थी, लिहाजा राज परिवार के सदस्य व पूर्व विधायक अजय बहादुर सिंह को केयरटेकर बनाने का भी ऐलान हुआ था। सिरमौर रियासत के अंतिम शासक की बेटी पद्मिनी देवी का विवाह जयपुर राजघराने के महाराजा ब्रिगेडियर भवानी सिंह से हुआ था। भवानी सिंह ने 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में 10वीं पैराशूट रेजिमेंट के पैरा कमांडो के लेफ्टिनेंट कर्नल और कमांडिंग ऑफिसर के रूप में गौरव हासिल किया था। दीया कुमारी उनकी इकलौती संतान हैं, जबकि दीया कुमारी के दो बेटे व एक बेटी है। बड़े बेटे पद्मनाभ सिंह को जयपुर की राजगद्दी दी गयी। हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने दीया कुमारी की नियुक्ति पर खुशी जाहिर की है।

अपने लिए कुछ मांगने के बजाय मरना पसंद करूंगा : शिवराज

भोपाल : मध्य प्रदेश के निवर्तमान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को कहा कि वह अपनी पार्टी से अपने लिए कुछ मांगने के बजाय ‘मर जाना’ पसंद करेंगे। चौहान (64) ने मंगलवार को कहा, ‘जब कोई व्यक्ति आत्मकेंद्रित होता है तो वह अपने बारे में ही सोचता है। लेकिन भाजपा एक मिशन है, हर कार्यकर्ता के लिए कुछ काम है। मुझे जो भी काम सौंपा जाएगा, मैं करूंगा।’ सत्ता में अपने कार्यकाल पर संतोष व्यक्त करते हुए, चौहान ने आगे कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि मोहन यादव के नेतृत्व में नयी भाजपा सरकार चल रहे कार्यों को तीव्र गति से पूरा करेगी। उन्होंने कहा, ‘मैं हमेशा उनका समर्थन करूंगा।’

हरिदेव जोशी के बाद दूसरे ब्राह्मण सीएम

भजनलाल शर्मा से पहले राजस्थान में ब्राह्मण समुदाय से आने वाले आखिरी मुख्यमंत्री हरिदेव जोशी थे। भजनलाल भाजपा के प्रदेश महासचिव हैं। शर्मा (56) ने जयपुर की सांगानेर सीट 48,081 वोटों के अंतर से जीती है। वह भरतपुर जिले के रहने वाले हैं। मंगलवार को विधायक दल की बैठक से पहले एक ग्रुप फोटो खींची गई जिसमें वह आखिरी पंक्ति में खड़े थे। शर्मा ने अपनी स्कूली शिक्षा नदबई शहर, भरतपुर से पूरी की और राजकीय महाविद्यालय भरतपुर से कला में स्नातक की पढ़ाई पूरी की। उन्होंने जयपुर में राजस्थान विश्वविद्यालय से एमए (राजनीति विज्ञान) की उपाधि प्राप्त की। उप मुख्यमंत्री घोषित दीया कुमारी राजपूत समुदाय से और बैरवा दलित समुदाय से आते हैं। वहीं भावी विधानसभा अध्यक्ष देवनानी सिंधी समुदाय से आते हैं।

गहलोत ने दी बधाई

निवर्तमान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘भजनलाल शर्मा को भाजपा विधायक दल का नेता बनाए जाने पर बधाई एवं शुभकामनाएं।

एमपी में शपथ आज, मोदी पहुंच सकते हैं

भोपाल : मोहन यादव बुधवार को यहां मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। सूत्रों के मुताबिक, शपथ ग्रहण समारोह राज्य की राजधानी के लाल परेड ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा और इसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित अनेक अन्य लोगों के शामिल होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *