10 हजार लोगों के लापता होने की आशंका

Hindi International

DMT : काहिरा : (13 सितंबर 2023) : – लीबिया में बाढ़ के चलते तबाह हुए एक तटीय शहर में बचाव टीम मलबे से शवों को निकालने में संघर्ष कर रही है। मानवाधिकार एजेंसी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने अनुमान जताया है कि अकेले डर्ना शहर में 2,000 लोगों की मौत होने की आशंका है। अधिकारियों ने कहा कि भूमध्यसागर से उठे तूफान ‘डेनियल’ ने पूर्वी लीबिया के कई शहरों में तबाही मचाई और अचानक बाढ़ आ गई, लेकिन सबसे ज्यादा तबाही डर्ना में हुई, जहां भारी बारिश और बाढ़ के चलते बांध टूट गए और उनका पानी चारों तरफ फैल गया।

इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ रेड क्रॉस’ और ‘रेड क्रिसेंट सोसाइटीज’ में लीबिया के दूत तामीर रमदान ने कहा कि अभूतपूर्व बाढ़ के बाद 10,000 लोग लापता हैं। ट्यूनीशिया से वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से जिनेवा में संयुक्त राष्ट्र ब्रीफिंग में पत्रकारों से उन्होंने कहा कि मरने वालों की संख्या ‘बहुत ज्यादा’ है और आने वाले दिनों में इसके हजारों तक पहुंचने की आशंका है। डर्ना को आपदा क्षेत्र घोषित कर दिया है।

700 शव दफनाए गए

पूर्वी लीबिया के स्वास्थ्य मंत्री उस्मान अब्दुल जलील के अनुसार, शहर के पड़ोस में अभी भी और शव मलबे में हैं, या समुद्र में बह गए हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि डर्ना शहर में 700 शवों को अब तक दफन किया जा चुका है। स्थानीय टीवी स्टेशन को फोन पर दिए साक्षात्कार में उन्होंने कहा कि शहर के विभिन्न अस्पताल शवों से अटे पड़े हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *