पंजाब, हरियाणा में जमाव बिंदु की ओर पारा

Chandigarh Hindi New Delhi

DMT : नयी दिल्ली/चंडीगढ़ : (15 जनवरी 2024) : –

पंजाब और हरियाणा शीत लहर की चपेट में हैं। अधिकतर स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। ज्यादातर इलाकों में तापमान जमाव बिंदु की ओर पहुंचने को है। दोनों राज्यों के कई हिस्सों में कोहरा भी कहर बरपा रहा है। इसके चलते सड़क एवं रेल यातायात पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है। कुछ स्थानों पर कई दिनों से धूप भी नहीं निकल रही। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को अमृतसर पंजाब का सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उधर, हरियाणा में नारनौल में पारा 2.2 और हिसार में न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस बीच, मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि पहाड़ी इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, इसके चलते मैदानी इलाकों में बारिश तो पहाड़ों पर बर्फबारी की संभावना है। इस बीच, बादल छाए रहने के कारण कश्मीर में न्यूनतम तापमान में मामूली वृद्धि हुई है। कमजोर पश्चिमी विक्षोभ शुक्रवार और 17 जनवरी की शाम को जम्मू-कश्मीर को प्रभावित कर सकता है।

इस बीच, रेलवे के एक प्रवक्ता ने बताया कि कोहरे के कारण दिल्ली आने वाली 23 रेलगाड़ियां प्रभावित हुईं। उपग्रह से प्राप्त तस्वीरों में पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार पर कोहरे की एक परत दिखाई दी, जो पूर्वोत्तर भारत तक फैली हुई है। पंजाब के अमृतसर और यूपी के लखनऊ और वाराणसी में दृश्यता का स्तर 25 मीटर रहा, चंडीगढ़, यूपी के बरेली में 50 मीटर और हरियाणा के अंबाला और राजस्थान के गंगानगर में यह 200 मीटर रहा। आईएमडी के अनुसार, दृश्यता जब शून्य से 50 मीटर के बीच हो तो बहुत घना कोहरा, 51 से 200 मीटर के बीच घना कोहरा, 201 से 500 मीटर के बीच मध्यम और 501 से 1,000 मीटर के बीच हल्का कोहरा होता है। उत्तर भारत के कई हिस्सों में 30-31 दिसंबर से शीत दिवस से अत्यधिक शीत दिवस की स्थिति बनी हुई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान में भी भीषण सर्दी जारी है। राजस्थान के सीकर में न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चुरू और पिलानी में न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री दर्ज किया गया।

पारामीटर

शहर तापमान

बठिंडा 2

फरीदकोट 2.8

लुधियाना 4.6

पटियाला 4.4

झज्जर 3.1

करनाल 4

भिवानी 4.1

रोहतक 4.2

सिरसा 5

अंबाला 5.4

चंडीगढ़ 5.3

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *