सोलन में बादल फटने, शिमला में भूस्खलन से 16 लोगों की मौत

Himachal pradesh Hindi

DMT : शिमला : (14 अगस्त 2023) : – हिमाचल प्रदेश में सोमवार को सोलन में बादल फटने और शिमला में भूस्खलन की दो घटनाओं में 16 लोगों की मौत हो गयी। भूस्खलन में कई और लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बताया कि समर हिल इलाके में एक शिव मंदिर और फागली इलाके में एक अन्य स्थान पर भूस्खलन हुआ और मलबे से नौ शवों को बाहर निकाला गया है। फागली इलाके में कई मकान मिट्टी में धंस गए। भारी बारिश के मद्देनजर सभी स्कूल और कॉलेज को सोमवार को बंद रखने का आदेश दिया गया है। राज्य के सभी प्रमुख मार्गों सहित संपर्क सड़कें जमीन धंसने, भूस्खलन, पेड़ गिरने और बाढ़ के कारण बंद हो गई हैं। इसके चलते लोग अपने घरों तक ही सीमित होकर रह गए हैं और लोग सहमे हुए हैं।

राजधानी शिमला के समरहिल क्षेत्र की शिव बावड़ी में हुए भूस्खलन में 25 से 30 लोग दब गए हैं। मुख्यमंत्री सुक्खू ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर कहा, ‘शिमला से परेशान करने वाली खबर सामने आयी है, जहां भारी बारिश के कारण समर हिल में शिव मंदिर ढह गया। अभी तक नौ शव बरामद किए गए हैं। स्थानीय प्रशासन लोगों को बचाने के लिए मलबा हटाने का काम कर रहा है। ओम शांति।’ उन्होंने एक अन्य पोस्ट में लिखा, ‘विनाशकारी बारिश से शिमला के समरहिल इलाके में शिव मंदिर के समीप भूस्खलन हुआ, जिसमें कई लोग मलबे में दब गए। कुछ लोगों की मौत हो गयी है। मैं घटनास्थल पर मौजूद हूं। मलबे में दबे लोगों को बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *