DMT : नयी दिल्ली/चंडीगढ़/मुंबई : (26 जून 2023) : – दिल्ली और मुंबई, दोनों जगह रविवार को मानसून के आगमन के साथ इसकी पहली बारिश हुई और इस तरह का दुर्लभ संयोग 62 साल पहले 21 जून 1961 को देखने को मिला था, जब दोनों महानगरों में एकसाथ मानसून आया था। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि दिल्ली में मानसून अपने तय समय से दो दिन पहले पहुंच गया, जबकि मुंबई में यह दो हफ्ते की देरी से पहुंचा। आईएमडी के मुताबिक उत्तर भारत के ज्यादातर इलाकों में मानसून आ चुका है। रविवार को दिल्ली-एनसीआर, चंडीगढ़ एवं हरियाणा, पंजाब के अनेक इलाकों में मानसून की वर्षा हुई। मानसून की फुहारों के चलते चंडीगढ़, हरियाणा और पंजाब के कई हिस्सों में रविवार को न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली।