गुनाहों से पर्दा उठने के डर से बहस से भाग रहा विपक्ष : भगवंत मान

Chandigarh Hindi

DMT : चंडीगढ़ : (16 अक्टूबर 2023) : – पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज एसवाईएल के मुद्दे पर आगामी एक नवंबर को होने वाली बहस से विपक्षी नेताओं द्वारा भाग जाने की आलोचना करते हुए कहा कि वास्तव में इन नेताओं को अपने गुनाहों से पर्दा उठ जाने का डर सता रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विरोधी पार्टियों के नेताओं की राज्य को बर्बाद करने वाले लोगों के साथ सांठ-गांठ थी जिस कारण वक एक नवंबर की बहस में आने से बच रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बहस पंजाब को किसने और कैसे लूटा, इस बात पर केंद्रित होगी, जिसमें भाई-भतीजा, जीजा-साला, पक्षपात, टोल प्लाज़ा, नौजवानों, कृषि, व्यापार-दुकानदार, गुरबाणी और नदियों के पानी पर डाका डालने समेत राज्य से सम्बन्धित मसलों पर चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि इन नेताओं ने सभी मसलों पर पंजाब के साथ धोखा किया है जिसके लिए उन्हें लोगों के समक्ष जवाबदेह बनाया जायेगा। भगवंत सिंह मान ने कहा कि ये नेता आएं या न आएं, परन्तु वह बहस के लिए इन नेताओं की कुर्सियां लगाकर रखेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों के समय लोग कामयाब होने से भी भयभीत हो जाते थे क्योंकि ये नेता लोगों के कारोबार में जबरन हिस्सा डाल लेते थे। भगवंत सिंह मान ने कहा कि इसी कारण ये नेता सच का सामना करने से डरते हैं और बहस में न आने के लिए बहाने बना रहे हैं।

केजरीवाल आते तो बहस में शामिल होता : सुखबीर बादल

लुधियाना (निस) : शिरोमणि अकाली दल के प्रधान व पंजाब के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने कहा है कि यदि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पहली नवंबर को मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा एसवाईएल पर प्रस्तावित बहस में भाग लेते तो वह निश्चित रूप से उसमें भाग लेते। सुखबीर बादल आज यहां पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करने से पूर्व संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान की पंजाब के किसी मुद्दे या योजना पर सुनवाई नहीं है, होता वही है जो केजरीवाल चाहते हैं। अकाली नेता ने कहा कि आप की दिशाहीन सरकार ने पंजाब की हालत बहुत खराब कर दी है । अकाली – भाजपा गठबंधन की संभावना संबंधी एक प्रश्न के उत्तर को वह टाल गये। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी राज्य के पांच नगर निगमों के चुनावों के लिए पूरी तरह तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *