सोने से चमके हरियाणा, हिमाचल, पंजाब के खिलाड़ी

Hindi International

DMT : हांगझोउ : (08 अक्टूबर 2023) : – भारतीय खिलाड़ियों ने पिछले एक पखवाड़े में कड़ी मेहनत से एशियाई खेलों में 107 पदकों के जादुई आंकड़े को छूकर देश को समय से पहले दिवाली का तोहफा दिया है। भारतीय खिलाड़ियों ने अपने अभियान के आखिरी दिन शनिवार को 12 पदक जीते। इनमें हरियाणा, हिमाचल और पंजाब के खिलाड़ियों ने अपना दम दिखाया। महिला कबड्डी टीम के स्वर्ण के साथ ही भारत ने 100 मेडल का आंकड़ा छूआ। इस टीम की कमान हिमाचल के सिरमौर की बेटी रीतु नेगी ने संभाली। महिला कबड्डी टीम में ज्यादातर खिलाड़ी हिमाचल व हरियाणा की हैं। इसके अलावा प्रवेश, सुनील और सुरजीत सहित हरियाणा के खिलाड़ियों वाली पुरुष कबड्डी टीम ने भी स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उधर, झज्जर जिले के दीपक पूनिया ने कुश्ती में 86 किग्रा भार वर्ग में रजत पदक जीता। भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने भी स्वर्ण पदक जीता। इसमें पंजाब के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह शामिल रहे। इससे पहले पंजाब की हरमनप्रीत कौर के नेतृत्व वाली महिला क्रिकेट टीम ने स्वर्ण पदक जीता था। शनिवार को भारत ने 6 स्वर्ण, 4 रजत और 2 कांस्य पदक जीते। प्रतियोगिता के अंतिम दिन रविवार को निर्धारित कुछ स्पर्धाओं में देश का कोई भी एथलीट मैदान में नहीं है। भारतीय खिलाड़ियों ने हांगझोउ में 107 पदक के साथ नया रिकॉर्ड कायम किया। इस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि भारत ने मौजूदा एशियाई खेलों में 100 पदक जीतकर इतिहास रचा है और देश के खिलाड़ियों ने जबरदस्त समर्पण, कौशल और क्षमता का प्रदर्शन किया है। 100 पदक पूरे होने को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि वह भारतीय दल का 10 अक्तूबर को स्वागत करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *