हिमाचल की बेटी और हरियाणा की बहू रितु को महिला कबड्डी की कमान

Himachal pradesh Hindi

DMT : सोलन : (29 सितंबर 2023) : –

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले की बेटी और हरियाणा की बहू रितु नेगी को भारतीय महिला कबड्डी टीम की कप्तान बनाया गया है। एशियाई खेलों में रितु देश का प्रतिनिधित्व करेंगी। हालांकि, 12 सदस्यीय दल का ऐलान कबड्डी फेडरेशन ने पहले ही कर दिया था, लेकिन टीम रवाना होने से पहले रितु नेगी को कप्तान बनाया गया है। इस बार हिमाचल की 5 खिलाड़ियों का चयन महिला कबड्डी टीम में हुआ है। इनमें तीन सिरमौर से हैं। एक सोलन और एक बिलासपुर जिले की है।

सिरमौर के गांव शरोग में जन्मी रितु नेगी साउथ एशियाई खेलों में भी देश का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। जूनियर इंडिया 2018 एशियन गेम्स व साउथ एशियन गेम्स में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया था। रितु नेगी गत वर्ष परिणय सूत्र में बंधी हैं। हरियाणा के स्टार कबड्डी खिलाड़ी रोहित गुलिया के संग उन्होंने सात फेरे लिए हैं। रितु के भारतीय टीम की कप्तान बनने के बाद हरियाणा का भी गौरव बढ़ा है, क्योंकि वे हरियाणा की बहू हैं।

इंडोनेशिया के जकार्ता में रजत पदक जीतना रितु के करिअर का शानदार पड़ाव रहा। एशियन खेलों में भी रितु नेगी के नेतृत्व में भारतीय महिला कबड्डी टीम के शानदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *