बलटाना में पुलिस और बदमाशों में क्रॉस फायरिंग

Hindi Punjab

DMT : जीरकपुर : (14 अक्टूबर 2023) : –

बलटाना में कबाड़ी की दुकान में लूट के इरादे से फायरिंग कर एक व्यक्ति की हत्या करने के आरोपियों और पुलिस के बीच शुक्रवार को बलटाना के सुखना चौ में फायरिंग हुई जिसमें एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। आरोपी की पहचान गगनवीर उर्फ राजन के तौर पर हुई है जोकि बुड़ैल का रहने वाला है। बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उससे 32 बोर का पिस्टल भी बरामद किया गया है। मामले के आरोपी अन्य दो लोग अभी भी फरार हैं। उनकी तलाश के लिए पुलिस का सर्च ऑपरेशन चला। मोहाली के एसएसपी अमनदीप बराड़ ने कहा कि कबाड़ी पर फायरिंग के केस में इनका पीछा किया जा रहा था। जिस दौरान इन्होंने गोली चलाई। उन्होंने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि 3 बदमाश जीरकपुर में घूम रहे हैं। बाद पुलिस की स्पेशल टीम ने उनका पीछा किया। जब वह बलटाना में सुखना चौ के पास पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। दोनों तरफ से कई राउंड गोलियां चलने के बाद गगन के पैर में गोली लग गई। यह देख बाकी 2 बदमाश उसे छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने गगन को हथियार समेत काबू कर लिया।

पुलिस के मुताबिक बलटाना में पिछले दिनों कबाड़ी की दुकान पर गोली चलाई गई थी। इसमें संतोष की मौत हो गई थी। उस मामले में 3 बदमाश शामिल थे। पुलिस को शक था कि यही वे तीनों बदमाश हैं। पुलिस लगातार इनको ट्रेस करने पर लगी हुई थी। शुक्रवार को जब इनका इनपुट मिला तो उन्होंने फायरिंग कर दी। जिसके बाद पुलिस को भी गोलियां चलानी पड़ीं। जीरकपुर के डीएसपी विक्रमजीत सिंह बराड़ की टीम ने यह एनकाउंटर किया है। यह तीनों बदमाश किस गैंग के हैं, इसके बारे में अभी कुछ पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने गगन को अस्पताल में भर्ती कराया है। उसकी हालत सुधरने पर पूछताछ के बाद इसका खुलासा हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *