मोदी कैबिनेट में बढ़ सकता है हरियाणा का रुतबा !

Chandigarh Hindi

DMT : चंडीगढ़ : (18 जुलाई 2023) : – हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मंगलवार को नयी दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। केंद्रीय मंत्रिमंडल में बदलाव की चर्चाओं के बीच इस मुलाकात के बड़े राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं। माना जा रहा है कि आगामी लोकसभा चुनावों को देखते हुए इस बार कैबिनेट में बदलाव होगा। संभव है कि कैबिनेट में हरियाणा का ‘रुतबा’ भी बढ़ जाए। कैबिनेट में हरियाणा से नये चेहरे शामिल किए जाने की भी अटकलें हैं।
वैसे मुख्यमंत्री ने इसे शिष्टाचार भेंट बताया और कहा, ‘दो-तीन माह में एक बार मैं प्रधानमंत्री से मिलता हूं। कई बड़े प्रोजेक्ट हैं, जिनका शिलान्यास/उद्घाटन प्रधानमंत्री से करवाना है। उन पर चर्चा हुई है।’ वहीं दूसरी ओर, सियासी गलियारों में इस मुलाकात को कैबिनेट में बदलाव से जोड़कर ही देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि अहीरवाल में भाजपा को और मजबूत करने के लिए पार्टी केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह का कद बढ़ा सकती है। उन्हें केंद्रीय मंत्री बनाए जाने की भी संभावनाएं हैं। उनके साथ राज्य मंत्री बने कई नेता पहले ही कैबिनेट का दर्जा हासिल कर चुके हैं। मोदी सरकार के नौ वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में राव ने गुरुग्राम संसदीय क्षेत्र की रैली पटौदी में की थी। इस रैली में उम्मीद से अधिक भीड़ जुटाकर उन्होंने इलाके में अपनी मजबूत पकड़ का अहसास भी पार्टी नेतृत्व को करवाया। नेतृत्व जानता है कि प्रदेश में लगातार दो बार– 2014 और 2019 में भाजपा को सत्ता में लाने में अहीरवाल की अहम भूमिका रही है।
ऐसी भी खबरें हैं कि भाजपा जाटों को रिझाने के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री चौ. बीरेंद्र सिंह के बेटे बृजेंद्र सिंह पर भी दाव खेल सकती है। बीरेंद्र सिंह और हिसार से सांसद बृजेंद्र सिंह के ‘बिगड़े बोल’ भी पार्टी गलियारों में चर्चाओं का विषय हैं। वैसे पिछले दिनों बीरेंद्र सीएम मनोहर लाल खट्टर से चंडीगढ़ में मुलाकात कर चुके हैं। बीरेंद्र सिंह राज्य में भाजपा-जजपा गठबंधन के भी खुलकर खिलाफ हैं। हालांकि मनोहर सरकार ने राज्य में जाटों को पूरा प्रतिनिधित्व दिया हुआ है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ के अलावा दुष्यंत चौटाला डिप्टी सीएम हैं तो जजपा कोटे से विकास एवं पंचायत मंत्री देवेंद्र बबली भी जाट हैं। इसी तरह से रानियां से निर्दलीय विधायक चौ. रणजीत सिंह, लोहारू से भाजपा विधायक जेपी दलाल को कैबिनेट मंत्री बनाया हुआ है।
कलायत से भाजपा विधायक कमलेश ढांडा राज्य मंत्री हैं। इसी तरह से पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला को सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो का चेयरमैन बनाया हुआ है। आगामी लोकसभा चुनावों में जाट वोटर काफी महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेंगे। ऐसे में भाजपा की कोशिश है कि जाटों को साधने में कोई कमी न रह जाए। अभी राव इंद्रजीत सिंह के अलावा फरीदाबाद से सांसद कृष्णपाल गुर्जर केंद्र में बतौर राज्य मंत्री शामिल हैं। अंबाला से सांसद रहे स्व. रतनलाल कटारिया भी मोदी कैबिनेट में राज्य मंत्री रह चुके हैं।
फीडबैक भी लिया
सूत्रों का कहना है कि पीएम नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से हरियाणा के क्षेत्रीय और जातिगत समीकरणों को लेकर फीडबैक लिया। बहुत संभव है कि उन्होंने हरियाणा के सांसदों को लेकर भी सीएम से चर्चा की हो ताकि जरूरत के हिसाब से हरियाणा से भी कैबिनेट में किसी को जगह दी जा सके। यह तय है कि इस बार मोदी कैबिनेट में होने वाला बदलाव आगामी लोकसभा व राज्यों के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए ही किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *